क्लेमेन्टाउन थाना क्षेत्र का मामला, बड़े बेटे और बहू पर लगाए गंभीर आरोप
देहरादून। राजधानी के क्लेमेन्टाउन थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 65 वर्षीय विधवा महिला ने अपने बड़े बेटे और बहू पर न केवल मकान पर जबरन कब्जा जमाने का आरोप लगाया है, बल्कि उन पर जानलेवा हमला करने और लगातार धमकाने की शिकायत भी दर्ज कराई है।
विधवा महिला ने थाने में दी तहरीर
शिकायतकर्ता श्रीमती सत्या राठौर पत्नी स्व. रूली राम राठौर निवासी टर्नर रोड क्लेमेन्टाउन ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वे चलने-फिरने में असमर्थ हैं। उनकी देखभाल उनका छोटा बेटा प्रियंक राठौर तथा उसकी पत्नी पूनम राठौर करते हैं। जबकि बड़ा बेटा दीप राठौर और उसकी पत्नी बबीता राठौर पहले बेदखल किए जाने के बावजूद मकान में अब भी जबरन रह रहे हैं।
जमीन की रजिस्ट्री को लेकर विवाद
महिला का आरोप है कि बड़े बेटे दीप राठौर ने धोखे से 18 जून 2025 को सहारनपुर की तहसील बेहट में उनकी 16 बीघा भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली है। इस रजिस्ट्री को निरस्त कराने के लिए उन्होंने न्यायालय में वाद दायर कर रखा है। इसी वजह से आरोपी बेटा उन्हें और छोटे बेटे के परिवार को वाद वापस लेने का दबाव बनाता है।
जान से मारने की धमकी और हमला
तहरीर में लिखा गया है कि 16 अगस्त की रात करीब 10 बजे बड़े बेटे ने फोन कर उन्हें बाहर बुलाया। बाहर आते ही दीप और उसकी पत्नी बबीता ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। उनके हाथों और चेहरे पर वार किया गया। शोर सुनकर छोटा बेटा और बहू बचाव के लिए आए तो उनसे भी मारपीट की गई।
पुलिस से की कार्रवाई की मांग
पीड़िता ने थानाध्यक्ष क्लेमेन्टाउन से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर को पुलिस ने दर्ज कर लिया है।

