गंगनहर कोतवाली पुलिस की सालियर से पनियाला मार्ग पर चेकिंग के दौरान रविवार देर रात एक हिस्ट्रीशीटर से मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बुलेट सवार युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई।
घायल बदमाश की पहचान उवेश निवासी पुरानी तहसील, रुड़की के रूप में हुई है। उवेश कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ चौदह से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे उपचार के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है।
एसएसपी हरिद्वार प्रमेन्द्र सिंह डोबाल खुद देर रात अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उवेश हाल ही में एक गंभीर मामले में वांछित था। करीब एक सप्ताह पूर्व उसने एक किशोर का अपहरण कर उसे पार्क में ले जाकर पिस्टल दिखाकर कुकर्म की वारदात को अंजाम दिया था।
पीड़ित किशोर के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था और तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में थी।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध बुलेट सवार को रोकने पर जब उसने पुलिस पर गोली चलाई, तो पुलिस ने तत्काल जवाबी फायरिंग की। सालियर बाईपास पर हुई इस मुठभेड़ में बदमाश को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
पुलिस अब उवेश के आपराधिक नेटवर्क और हालिया घटनाओं में उसकी संलिप्तता की जांच कर रही है। वहीं, इलाके में हुई इस मुठभेड़ के बाद से कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।

