रूद्रप्रयाग, केदारनाथ हाईवे से सटे चंद्रापुरी क्षेत्र के गबनीगांव में रविवार देर रात एक होटल और जनरल स्टोर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयावह थी कि उसने देखते ही देखते पूरे व्यावसायिक प्रतिष्ठान को अपनी आगोश में ले लिया और दुकान के बाहर खड़े दो वाहन भी जलकर राख हो गए। गनीमत रही कि अग्निशमन दल ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया, जिससे आग पास के रिहायशी इलाके तक नहीं फैल सकी और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना रात्रि करीब 1ः30 बजे जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से मिली, जिसके बाद फायर सर्विस रुद्रप्रयाग और थाना अगस्त्यमुनि की टीमें अत्याधुनिक उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस के सहयोग से बचाव कार्य शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए रिन्यू जल ऊर्जा कुंड के कर्मचारियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और अपने निजी टैंकरों से निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित की। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
हालांकि, इस अग्निकांड में होटल और स्टोर के भीतर रखा करोड़ों का सामान जलकर बर्बाद हो गया है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि आधी रात को हुई इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अग्निकांड से हुई वास्तविक आर्थिक क्षति का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
फायर सर्विस रुद्रप्रयाग ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों में विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें और शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचने के लिए समय-समय पर वायरिंग की जांच करवाते रहें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के सटीक कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
ब्रेकिंग न्यूज़ -
- देहरादून में बारिश का कहर: कुछ ही मिनटों में शहर हुआ जलमग्न, रिस्पना नदी उफान पर
- अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का शिकंजा, ऋषिकेश और देहरादून में दो भवन सील
- नशे की सप्लाई चेन तोड़ने एवं जागरूकता अभियान को जन-आंदोलन बनाने पर डीएम ने दिया जोर
- अतिक्रमण पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: सरकारी भूमि पर बनी अवैध मजार को किया ध्वस्त
- खेलभूमि की दिशा में बढ़ते कदम: मिट्टी माथे से लगाकर बोली खेल मंत्री- “तीर्थ से कम नहीं खेल विश्वविद्यालय”
- चारधाम यात्रा का मूल मंत्र ‘सुरक्षित यात्रा, सुगम दर्शन और सतत संवाद’ : मुख्यमंत्री धामी।
- हल्द्वानी: तिकोनिया वाइन शॉप में आग से 8 करोड़ का नुकसान, दमकल ने बड़ी दुर्घटना टाली
- देहरादून की अर्थव्यवस्था को गति देने वाली योजनाएं हो जिला प्लान में शामिल-डीएम
- धामी सरकार का बड़ा फैसला! पूर्व सैनिकों को प्राथमिकता से मिलेगा शस्त्र लाइसेंस?
- देवप्रयाग हादसा: खाई से नदी में गिरी इनोवा, SDRF ने शुरू किया बड़ा सर्च ऑपरेशन
Wednesday, June 3

